एक युवक ने अपने घर के बाहर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह चेक बाउंस मामले में पिता को जेल होने से मानसिक तौर पर परेशान था। थाना बंधनी कलां के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि खुदकुशी करने वाला गगनदीप सिंह 2 बच्चों का पिता था। गांव राऊंके कलां निवासी सुखदीप कौर ने बयान में बताया कि पति गगनदीप सिंह (34) खेतीबाड़ी करता था। ससुर गुरमेल सिंह को रुपयों के लेनदेन के चलते चेक बाउंस मामले में लगभग डेढ़ महीना पहले जेल हो गई थी। पिता को जेल होने के चलते गगनदीप मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। 11 जनवरी सुबह लगभग 6 बजे पति ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली के आवाज सुनकर वह घर के बाहर आई तो पति को खून में लथपथ देखा। उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया गया। मगर इलाज के दौरान 12 जनवरी को पति की मौत हो गई। इधर… श्री आनंदपुर साहिब में किरपान मार दोस्त की हत्या आनंदपुर | श्री आनंदपुर साहिब में दो लोगों ने अपने साथी की किरपान मारकर हत्या कर दी। आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं, लेकिन एक की पहचान हो गई है। चौकी इंचार्ज एसआई गुरमुख सिंह ने बताया कि श्री नयना देवी रोड पर झुग्गियों में जसविंदर सिंह उर्फ काला निवासी गांव चन्नणके जिला अमृतसर और उसके साथी ने राधे कृष्ण निवासी गांव डबट जिला बिलासपुर (हिमाचल) की किरपान से हत्या कर दी। लोग राधे कृष्ण को जैता जी अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित करार दिया।


