तर्कशील सोसायटी पंजाब इकाई संगरूर की ओर से चेतना परख परीक्षा को लेकर बीएसएनएल पार्क में बैठक संपन्न हुई। इकाई प्रमुख सुरिंदर पाल उपली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृष्ण सिंह व गुरदीप सिंह लहरा ने बताया कि यह परीक्षा 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9.30 से 10.10 बजे तक ली जाएगी। छात्र सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। उन्होंने बताया कि सोसायटी पिछले सात वर्षों से छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए यह राज्य स्तरीय परीक्षा आयोजित करती आ रही है। इस साल यह परीक्षा गदर लहर की नायिका गदरी गुलाब कौर को समर्पित की गई है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए दो विशेष पुस्तकें प्रकाशित की गई हैं, जिनमें अंधविश्वास, भ्रांतियों और रूढ़िवादिता से बाहर निकलकर वैज्ञानिक सोच अपनाने पर जोर दिया गया है। जोन प्रभारी मास्टर परम वेद ने जानकारी दी कि श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लाखों रुपये की वैज्ञानिक पुस्तकों के इनाम और नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। संगरूर इकाई द्वारा 13 परीक्षा केंद्रों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


