भास्कर न्यूज | अमृतसर शनिवार को जिले के स्कूल ऑफ एमिनेंस फॉर गर्ल्स, मॉल रोड में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में खेलों एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली होनहार छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ सुहिंदर कौर, करमजीत सिंह रिंटू, गुरप्रीत कटारिया, राजेश कुमार शर्मा, राजेश खन्ना, कंवलजीत सिंह संधू, आशु विशाल, डॉली भाटिया और स्कूल एसएमसी सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि हरभजन सिंह कहा कि वे अत्यंत प्रतिभाशाली हैं और उन्हें मेहनत, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प एवं समर्पण की भावना के साथ देश-विदेश में अपना नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही प्रगति संभव है तथा पंजाब में स्कूल ऑफ एमिनेंस की स्थापना के बाद शिक्षा के परिणाम पहले से कहीं अधिक बेहतर हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा दुनिया का सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसे कोई भी आपसे छीन नहीं सकता। उन्होंने मॉल रोड स्कूल की प्रिंसिपल मनदीप कौर एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए स्कूल को हर क्षेत्र में और बेहतर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के स्पोर्ट्स हॉल के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया। इस मौके पर चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं और छात्राएं इन सुविधाओं का सही उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने व अपने परिवार के जीवन को बेहतर बना रही हैं तथा राज्य में शिक्षा क्रांति ला रही हैं। स्कूल की प्रिंसिपल मनदीप कौर ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक खिलाड़ी हरमनजीत कौर, राष्ट्रीय स्तर की जिम्नास्टिक खिलाड़ी हरकीरत कौर, इनायत, ज्योति कौर, पूनमप्रीत कौर सहित नेटबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, जूडो, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक, फेंसिंग, हॉकी की 24 जिला स्तरीय विजेता टीमों तथा कराटे, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, गटका की 12 जोन स्तरीय टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


