सिटी रिपोर्टर | रांची झारखंड चैंबर की एजुकेशन उपसमिति की बैठक मंगलवार को चैंबर भवन में हुई। इसमें पंजाब अनएडेड कॉलेज एसोसिएशन के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य झारखंड और पंजाब स्थित उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सार्थक संवाद स्थापित करना और संभावित सहयोग के अवसर तलाशना था। एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डॉ. डीजे सिंह (चंडीगढ़ विद्या ज्योति एडुयूनिवर्सिटी), अंकित जैन (ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, पंजाब), कुंवर पुंज (प्रो-चांसलर, श्री साईं यूनिवर्सिटी, पंजाब) सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। झारखंड चैंबर और पंजाब एडुयूनिवर्सिटी के संयुक्त प्रयासों से पंजाब के उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। चैंबर द्वारा आयोजित किए जाने वाले इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में पंजाब के मुख्य कॉलेजों की सहभागिता और रांची में एजुकेशन फेयर आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। पंजाब एडुयूनिवर्सिटी की ओर से झारखंड में एक नया शैक्षणिक विकल्प उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे झारखंड के विद्यार्थियों को दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े शहरों में गए बिना उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकेंगे। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी और महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चैंबर का लक्ष्य राज्य के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में देशभर के अग्रणी संस्थानों से जोड़ना है। इस तरह के संवाद से न केवल उच्च शिक्षा के नए विकल्प खुलेंगे बल्कि उद्योग और शिक्षा क्षेत्र के बीच सेतु बनाने में भी मदद मिलेगी।


