भास्कर न्यूज | अमृतसर 30 मार्च को चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। चैत्र नवरात्र से पहले मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा, जिसके लिए मंदिर कमेटियों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। दुर्ग्याणा के 800 साला प्राचीन शीतला माता मंदिर, टाउन हॉल लौंगा वाली देवी माता मंदिर, माता लाल देवी भवन रानी का बाग, रानी का बाग प्राचीन शिवाला एवं राम मंदिर, गोपाल मंदिर, लॉरेंस रोड बिजली पहलवान मंदिर, माता कौशल्या देवी मंदिर, श्री सनातन धर्म पंजाब महावीर दल श्री हनुमान मंदिर, पंचरत्न श्री कृष्ण मंदिर, शिवाला गंगाराम समेत सभी मंदिरों में चैत्र नवरात्र में धार्मिक समारोह होंगे। दुर्ग्याणा के शीतला माता मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाने का काम शुरु हो गया है। पहले नवरात्र से लेकर नवमी तक सुबह और शाम को माता रानी का गुणगान किया जाएगा। इसी तरह टाउन हॉल लौंगा वाली देवी माता मंदिर में भक्तों द्वारा सुबह श्री दुर्गा स्तुति के पाठ किए जाएंगे। इसी दौरान भक्तों द्वारा माता रानी को कच्ची लस्सी चढ़कर परिवार की सुख शांति मांगी जाएगी। श्री सनातन धर्म पंजाब महावीर दल हनुमान मंदिर में सुबह 5 से 7 बजे तक 51 महिलाओं द्वारा श्रीदुर्गा स्तुति पाठ किए जाएंगे। रोजाना होने वाले पाठ नवमी तक चलेंगे। इसी तरह पंचरत्न श्री कृष्ण मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से अलसुबह महिलाए श्री दुर्गा स्तुति के पाठ करेंगी। बाजार सिरकी बंदा स्थित शिवाला गंगाराम में महिलाओं की ओर से माता रानी की महिमा का गुणगान किया जाएगा। मंदिर में माथा टेकने वाले भक्तों की भीड़ रहेगी। रानी का बाग माता लाल देवी भवन में महिला भजन मंडली सुबह श्री दुर्गा स्तुति के पाठ और शाम को भजन मंडली द्वारा महामाई का गुणगान किया जाएगा। लॉरेंस रोड माता कौशल्या देवी मंदिर में शाम के समय भजन संकीर्तन होगा। इसी तरह शहर के बाकी मंदिरों में भी सुबह और शाम को धार्मिक समारोह होंगे। वहीं भक्तजन घरों में बी माता रानी की पूजा अर्चना करते रहेंगे।


