चैत्र पर्व को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी ने कलाकारों से लिया सुझाव

भास्कर न्यूज | सरायकेला 11 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले चैत्र पर्व को पारंपरिक रूप से आयोजन करने को लेकर अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो के अध्यक्षता में छऊ नृत्य संस्थाओं के प्रमुख तथा कलाकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को हुई। बैठक में चैत्र पर्व के आयोजन को लेकर कलाकारों का सुझाव लिया गया। पिछले आयोजनों के दौरान हुई गलतियों को ना दोहराते हुए कलाकारों को सम्मान तथा स्थानीय कलाकारों से ही कार्यक्रम का आयोजन कराने की सलाह दी गई। बाहरी कलाकारों को आमंत्रित न करने, आर्केस्ट्रा या अन्य किसी भी प्रदेश के कलाकारों को पर्व में शामिल नहीं करने के साथ-साथ चैत्र पर्व को केवल पर्व के रूप में ना कि इस महोत्सव के रूप में मनाने के संबंध में भी सुझाव दिए गए। महोत्सव में बाहरी कलाकारों को दी जाने वाली राशि स्थानीय कलाकारों को ही दे दिया जाए तो इससे कला एवं कलाकारों की स्थिति सुधर सकती है। इस पर भी अनुमंडल पदाधिकारी को सुझाव दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने कहा है कि आयोजन को लेकर छऊ नृत्य संस्थाओं के प्रमुख अपने कलाकारों की सूची 5 मार्च तक अनुमंडल कार्यालय में जमा कर देंगे। उन्होंने कलाकारों को पूरी सम्मान देते हुए कार्यक्रम का आयोजन करने की बात कही। आर्टिस्ट एसोसिएशन से मनोज कुमार चौधरी ने चैत्र पर्व को पारंपरिक रूप से करने के साथ-साथ नृत्य दलों को 15000 से बढ़ाकर सम्मानजनक राशि 50000 रुपए करने का सुझाव दिया है। विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य कहा की इस आयोजन में स्थानीय कलाकारों को कुछ नहीं मिलता है, बाहर से आने वाले कलाकार राशि बटोर कर चले जाते हैं, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। स्थानीय कलाकारों को ही मंच में प्रस्तुति देने का अवसर दिया जाना चाहिए। कलाकार उदित सिंहदेव ने कहा कि पिछले वर्ष नाइट स्टे करने वाले कलाकारों को भोजन नहीं मिल पाया था। उन्हें लंच कराया जाना चाहिए। कलाकार अनु कवि ने कहा कि किसी एक संस्था को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए सभी कलाकारों को सामान अवसर देना चाहिए। कलाकार मलय कुमार साहू ने कहा कि छऊ नृत्य से संबंधित सेमिनार का आयोजन होना आवश्यक है। कलाकार तरणी सिंह महतो ने कहा है कि ग्रामीण कला को सम्मान दिया जाना चाहिए। वरिष्ठ कलाकार सुधांशु शेखर पानी ने कहा कि कला केंद्र के बाद यंत्र गायब होने के मामले पर जांच होना चाहिए। अविनाश कवि ने कलाकारों को सम्मानित करने की बात रखी। इस बैठक में म्यूजिशियन नाथू महतो, कलाकार गणेश महतो, विजय साहू ,मुखौटाकार सुशांत महापात्र ,सुमित महापात्र, निवारण महतो, सुदीप कवि, गणेश परीक्षा एवं अधिवक्ता निर्मल आचार्य उपस्थित थे ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *