कोटा के गुमानपुरा थाना इलाके के बल्लभ बाड़ी स्थित गोदाम से अज्ञात व्यक्ति 30 हजार रुपए से भी अधिक का माल चुरा कर ले गया, दूसरी बार जब चोर वापस माल चुराने आया तो व्यापारी की सजकता से उसे पकड़ लिया गया और पुलिस थाना गुमानपुरा के सुपुर्द कर दिया गया। प्रार्थी ने इस संबंध में गुमानपुरा थाने में शिकायत दी। प्रार्थी हरीश रावतानी का कहना है कि उसका गोदाम वल्लभ बाड़ी स्थित प्लॉट नंबर 11 एफिल टावर के सामने गुमानपुरा कोटा पर स्थित है। प्रार्थी का क्रोकरी का होलसेल का व्यापार है, 29 नवंबर को सुबह करीब पांच बजे एक अज्ञात व्यक्ति जिसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष है जिसने ब्लैक ब्लू रंग की जैकेट पहन रखी थी, गोदाम में पीछे के खाली प्लॉट के अंदर से घुसकर दो बोरों में क्रोकरी का सामान था वह चुरा कर ले गया। घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। व्यापारी का आरोप है कि इस चोरी की रिपोर्ट गुमानपुरा थाने में दी गई, लेकिन एफआईआर नहीं काटी गई। व्यापारी ने चोर को पकड़ने के लिए दो व्यक्तियों को लगाया और जब चोर वापस चोरी करने आया तो उसे पकड़ लिया गया और गुमानपुरा चौकी को सौंप दिया। व्यापारी ने बताया कि वह वर्तमान में मेडिकल इमरजेंसी के चलते जयपुर आया हुआ है, ऐसे में जब पुलिसकर्मियों से कॉल पर बात की और मॉल बरामदगी के बारे में जानकारी चाही तो कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। इस मामले को लेकर कोटा के कुछ व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। इस संदर्भ में व्यापारी ने बताया कि कोटा पहुंचने पर इस मामले की शिकायत एसपी और आईजी को की जाएगी। व्यापारी ने पुलिस अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए और चोर को पकड़कर नियम अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।


