भास्कर न्यूज़ | लुधियाना शहर में चोरी, लूट और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। अलग-अलग ऑपरेशनों में पुलिस ने जहां चोरी का सामान बेचने जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी कार्रवाई में राहगीरों से लूट करने वाले एक आरोपी को अवैध पिस्तौल के साथ काबू किया गया। पहले मामले में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीन संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 8 चोरी के टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 3 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें और एक लोहे का दातर बरामद किया गया। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में आ रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानव कुमार, मनप्रीत सिंह और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया, जो रात के समय अलग-अलग इलाकों में राहगीरों को पिस्तौल दिखाकर डराता और उनसे लूटपाट करता था। आरोपी की पहचान साहिब उर्फ साहिल के रूप में हुई है। उसके पास से 32 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक तंगी के चलते वारदातें करने की बात कबूल की है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी, ताकि उसके साथियों और अन्य वारदात का खुलासा किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। चोरी, लूट और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आने वाले दिनों में ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।


