लुधियाना| थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एडीसीपी (नॉर्थ) दविंदर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एलडीको चौकी इंचार्ज की अगुवाई में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश दी और आरोपियों राजवंत सिंह उर्फ दीपू और सनी को मौके से काबू किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 18 जुलाई को एल.के. स्पोर्ट्स फैक्टरी के बाहर से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा उनके कब्जे से एक और चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बस्ती जोधेवाल में केस दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।


