लुधियाना| थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लूटे हुए मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली काली स्प्लेंडर बाइक और लोहे का दात बरामद किया है। एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि घटना 26 जुलाई की है, जब प्रेम नगर निवासी निक्की पुत्र सुभाष कुमार चीमा चौक फ्लाईओवर के पास खड़ा था। उसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उस पर लोहे का दात तान दिया और उसका मोबाइल, नकदी व जरूरी दस्तावेज लूट लिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए रोहित पुत्र रजिंदर चौहान, अनीश उर्फ वड्डा कालू पुत्र सुधीर साहनी और आज़ाद पुत्र कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक वारदात में शामिल रह चुके हैं। पुलिस के अनुसार, वे लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए एक नेटवर्क तैयार कर रहे थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


