लुधियाना| थाना डिवीजन-6 की पुलिस ने एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल बेचने से पहले ही काबू कर लिया। पुलिस ने उसे उस समय पकड़ा जब वह बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार होकर मिलिट्री कैंप की तरफ जा रहा था। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और थाने ले जाकर पूछताछ की। जांच अधिकारी एएसआई गुरमुख सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी गगन नगर, 33 फुटा रोड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बाइक को बेचने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


