शिवगंज के उथमन गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण शिवगंज तहसील पहुंचे और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पालड़ी एम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उथमन गांव में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। 7 जनवरी की रात को चोरों ने भोपाल सिंह, मालाराम, सवाई सिंह, बलिया और गलबाराम के घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के गहने और कीमती सामान चुरा लिए। इसके अलावा यूमेश्वर महादेव मंदिर में भी चोरी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। पहले डीएसपी शिवगंज को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन आज तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं हो सका। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्गों पर प्रदर्शन किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उपखंड अधिकारी ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही चोरी की वारदातों का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।


