धालभूमगढ़| धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के बोस कॉलोनी में शुक्रवार रात चोरी की आशंका से ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के निवासी 40 वर्षीय लखीकांत किस्कू के रूप में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार देर रात बोस कॉलोनी में कुछ संदिग्ध लोगों को घूमते हुए देखा गया था। जब लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चार लोग भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को अपने कब्जे में ले लिया। उसकी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धालभूमगढ़ भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा गया है। पकड़ा गया व्यक्ति अपनी स्थिति के कारण ठीक से अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी नहीं बता पा रहा है।


