भास्कर न्यूज | दुमका दुमका नगर परिषद का अध्यक्ष और वार्ड पार्षद बनने के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के बीच शनिवार को चुनाव निशान का वितरण कर दिया। अध्यक्ष पद के 18 और वार्ड के 80 प्रत्याशियों ने चुनाव निशान मिलने के साथ ही जनसंपर्क तेज कर दिया है। शनिवार को एसी राजीव कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए खड़े प्रत्याशियों को चुनाव निशान दिया। सभी चुनाव निशान मिलने के बाद उत्साहित दिखे। दुमका नगर परिषद के सभी 21 वार्ड में दो वार्ड ऐसे हैं, जहां केवल अध्यक्ष पद के लिए ही मतदान होगा। इस बार कुल 84 ने वार्ड के लिए नामांकन किया था। वार्ड 13 से दो महिला प्रत्याशियों का नामांकन पर्चा खारिज हो गया और एक मात्र प्रत्याशी जुही केशरी को जीत का प्रमाण पत्र भी मिल गया। वहीं वार्ड 20 से एक मात्र प्रत्याशी मनोज सिंह ने नामांकन किया था, लेकिन उनके खिलाफ कोई मैदान में नहीं उतरा। उन्हें भी शुक्रवार को जीत का प्रमाण पत्र मिल गया। शनिवार की शाम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद मीडिया से बात की। उपायुक्त ने कहा कि अध्यक्ष व वार्ड के सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिहन दे दिया गया है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। शहर में 21 वार्ड के लिए 42 और बासुकीनाथ के 12 वार्ड के लिए कुल 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में 23 फरवरी को मतदान होगा।


