रीवा में सराफा दुकान में चोरी करने वाले चोर को गुटका खाने की लत ने पकड़वा दिया। पहचान होने पर सोमवार को दो आरोपियों की गिरफ्तार हुई और उनके कब्जे से करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवरात जब्त किए। घटना 5 जनवरी की है। चोरी करने आए नकाबपोश बदमाश की पहचान गुटका खाने की एक छोटी-सी गलती से हो गई, जिससे वो कैमरे में कैद हो गया। वरना रीवा में सैकड़ों चोरी के मामलों ये या तो आरोपी फरार हैं या उनका पता ही नहीं चल पाया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के उपरहटी इलाके का है। जहां सर्राफा व्यापारी विनोद कुमार खंडेलवाल 6 जनवरी की शाम अपने घर का दरवाजा बंद कर कुछ सामान लेने मोहल्ले में गए थे। चांदी के जेवर लेकर भागे, रास्ते में गिरे
इसी दौरान शातिर बदमाश घर में घुसा और सर्राफा दुकान तक पहुंचकर चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गया। भागते समय बदमाश के कुछ जेवर रास्ते में गिर गए थे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश वारदात से कुछ मिनट पहले नकाब हटाकर गुटका खाते हुए दिखाई दिया। बस यहीं से पुलिस को अहम सुराग मिला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान राजेश सोनी पिता रमेश प्रसाद सोनी, निवासी तरहटी के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी चिराग माधवानी उर्फ चिकू पिता सुनील कुमार माधवानी, निवासी फोर्ट रोड के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपए कीमत के चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


