चौथ माता मंदिर लक्खी मेले को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है। चौथ माता लक्खी मेले को लेकर जिला स्तर पर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की जा चुकी है। जिसके बाद कलेक्टर शुभम चौधरी और SP ममता गुप्ता बरवाड़ा पहुंची। यहां चौथ माता मंदिर ट्रस्ट धर्मशाला में कलेक्टर की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। चौथ का बरवाड़ा में 16 जनवरी से 22 जनवरी तक चौथ माता का लक्खी मेला आयोजित होगा। मेले में भीड़ की अधिकता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। ऐसे में चौथ माता मंदिर ट्रस्ट धर्मशाला में कलेक्टर की अध्यक्षता में तैयारी बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में कलेक्टर शुभम चौधरी ने यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था को सर्वोपरि बताते हुए सभी तैयारी पूरी रखने को कहा। साथ ही कहा कि मीटिंग में जो निर्देश दिए गए हैं। उन सभी का आपसी सामंजस्य के साथ पालन करें। इस दौरान SP ममता गुप्ता ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी व सुझाव लिये।बैठक में सबसे पहले मेला मजिस्ट्रेट दामोदर सिंह ने मेले को लेकर जानकारी रखी। इसके बाद कलेक्टर ने सभी विभागों की तैयारी जानी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से किस प्रकार सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके बारे में जाना। उन्होंने PWD के इंजीनियर्स से सड़कों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने बिजली निगम के इंजीनियर्स को 24 घंटे समुचित बिजली आपूर्ति दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान SP गुप्ता ने कहा कि मेले में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे, लेकिन मेला अच्छा रहे। इसके लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता होगी। बैठक में पंचायत की ओर से विकास अधिकारी यशवेंद्र सिंह, सरपंच सीता सैनी तथा ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश सोनी ने अपनी तैयारी के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मेले में रोडवेज की पर्याप्त बसे लगाने एवं ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में चौथ माता ट्रस्ट की ओर से श्रीदाससिंह एडवोकेट, शंकर लालसैनी, मोहनलाल सैनी, शक्ति सिंह राजावत, रामकिशन गुर्जर, कमल सैनी आदि द्वारा भी सुझाव दिया गया। बैठक में चिकित्सा, पानी, आबकारी आदि विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। मंदिर के साथ प्रमुख स्थान का किया दौरा बैठक के बाद कलेक्टर SP ने चौथ माता मंदिर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने मेला मैदान एवं पार्किंग स्थल का दौरा कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों को निर्धारित दर एवं जगह पर ही दुकान दी जाए। साथ ही सफाई की विशेष निगरानी की जाए।


