चौमूं में मंदिर पुजारी की संदिग्ध मौत:41 दिन की तपस्या के बाद मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

चौमूं उपखंड क्षेत्र के सामोद थाना इलाके में स्थित ओम शिव गोरखनाथ मंदिर के पुजारी हीरालाल नाथ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना कानपुरा आमेटी घाटी में सामने आई है। सामोद पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुजारी हीरालाल नाथ पिछले कुछ समय से मंदिर परिसर में धार्मिक तपस्या कर रहे थे। उन्होंने 41 दिनों की कठोर तपस्या का संकल्प लिया था। आज जब आसपास से गुजर रहे लोगों को कमरे से बदबू आई, तो उन्होंने पास जाकर देखा। कमरा अंदर से बंद मिला। सूचना मिलने पर सामोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच पड़ताल की। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पुजारी ने 41 दिन की तपस्या करने संबंधी एक संदेश सोशल मीडिया पर भी डाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इसके साथ ही, आसपास के लोगों और मंदिर से जुड़े ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पुजारी की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *