छग की सीनियर नेटबॉल टीम तैयार 11-14 जनवरी को नेशनल में खेलेगी

भास्कर न्यूज | जांजगीर छत्तीसगढ़ की सीनियर पुरुष और महिला नेटबॉल टीमों का ऐलान कर दिया गया है। 43वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) 2025–26 में राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए 12 पुरुष और 12 महिला खिलाड़ी चुने गए हैं। यह चैंपियनशिप 11 से 14 जनवरी 2026 तक गचीबोली, हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित होगी। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह प्रदर्शन-आधारित और पारदर्शी रही। चयन समिति ने प्रदेश भर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सख्त मूल्यांकन किया और अंततः 12–12 पुरुष व महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया। इससे पहले 15वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ स्कूल में किया गया था। इसमें पुरुष वर्ग की 16 और महिला वर्ग की 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के बाद चयन समिति ने पुरुष वर्ग के लिए 15 और महिला वर्ग के लिए 16 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कैंप के लिए चुना। यह कैंप 21 दिसंबर से 7 जनवरी तक जांजगीर के खोखरा स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। 8 जनवरी को अंतिम चयन ट्रायल हुआ, जिसमें खिलाड़ियों की खेल क्षमता, फिटनेस टेस्ट, यो-यो टेस्ट, 1500 मीटर और 40 मीटर दौड़ के आधार पर टीमों का अंतिम चयन किया गया। इस चयन में खिलाड़ियों की खेल तकनीक, धैर्य और सहनशक्ति को विशेष महत्व दिया गया। समारोह में एसपी विजय पांडे ने खिलाड़ियों को सफलता के मंत्र दिए और कहा, “लक्ष्य निर्धारित कर और कड़ी मेहनत करके ही सफलता मिलती है। टीम के सभी खिलाड़ियों को मैदान पर अनुशासन और जोश के साथ खेलना चाहिए।” पुरुष टीम के कोच राजेश राठौर होंगे। टीम के सपोर्टिंग स्टाफ में एस. मोहन राव और मनीष वर्मा शामिल हैं। महिला टीम की कमान इमरान खान के हाथ में होगी, जबकि पूरक सपोर्टिंग स्टाफ में पूजा कश्यप और अनूप यादव होंगे। हैदराबाद के चरलापल्ली के लिए रवानगी आज ​ दोनों टीमें 10 जनवरी की सुबह हैदराबाद के चरलापल्ली के लिए रवाना होंगी। छत्तीसगढ़ नेटबॉल संघ ने उम्मीद जताई है कि कड़ी तैयारी और अनुशासित चयन प्रक्रिया के दम पर राज्य की टीम नेशनल मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। संघ ने खिलाड़ियों से कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ खेलें और मैदान पर अपनी पूरी क्षमता दिखाएं। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन के कारण राज्य की यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानजनक प्रदर्शन के लिए तैयार मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *