छठे झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (जिफ्फा) का आयोजन 1 और 2 मार्च को झारक्राफ्ट के संयुक्त तत्वावधान में मोरहाबादी मैदान में होने जा रहा है। पिछले 5 वर्षों से झारखंड फिल्म नीति के अंतर्गत आयोजित होते आ रहे जिफ्फा में झारखंड की कला-संस्कृति व फिल्म उद्योग के साथ-साथ परंपरागत कलाकृतियां, पारंपरिक भोजन, हैंडीक्राफ्ट व पेंटिंग्स के विकास के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस बार वैश्विक स्तर पर आईं 16 देशों की 232 फिल्मों में से चयनित 56 लघु फिल्मों, फीचर फिल्मों व डॉक्यूमेंट्री आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही फिल्म महोत्सव निदेशालय भारत सरकार द्वारा प्रदत्त ‘मैं हूं कलाम’, ‘भाग मिल्खा भाग’ व ‘मेरीकॉम’ जैसी प्रेरक फिल्मों का भी प्रदर्शन शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों के समक्ष किया जाएगा। ऋषि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि 2 मार्च को संध्या 5 बजे से अवॉर्ड संध्या का आयोजन होगा, जिसका उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ आदि भी मौजूद रहेंगे। झारखंड के प्रतिभाशाली फिल्मकारों, कलाकारों व फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य कर्मियों को बॉलीवुड व हॉलीवुड की प्रसिद्ध हस्तियों के द्वारा अवॉर्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील बादल ने बताया कि प्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर, निर्देशक राकेश रोशन, अनिल शर्मा, एक्टर सुनील शेट्टी, एक्ट्रेस सुमबुल तौकीर, अक्षरा सिंह, विवेक ओबेरॉय, उत्कर्ष शर्मा व म्यूजिक कंपोजर मोंटी शर्मा जैसे सेलिब्रटी मौजूद रहेंगे। पोलैंड की अभिनेत्री नटालिया जानोसजेक व शिवानी शर्मा का स्टेज परफार्मेंस के अलावा झारखंड के लोकनृत्यों का प्रदर्शन होगा।


