छतरपुर में बस स्टैंड रोड स्थित पप्पू चाट भंडार में गुरुवार को ग्राहकों की प्लेट में मकड़ी और मक्खी मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक अवधेश नायक की चाट में मकड़ी मिली, जबकि महिला ग्राहक सपना राजे की प्लेट से मक्खी निकली। घटना के बाद दुकानदार पप्पू ने सफाई दी कि मकड़ी या मक्खी ऊपर से गिर गई होगी। उसने ग्राहकों को चाट फेंककर दूसरी बनाने की पेशकश की। हालांकि, ग्राहकों का आरोप है कि गंदगी मसाले में ही मौजूद थी, जिसे दुकानदार ने न तो बदला और न ही फेंका, बल्कि उसी मसाले को अन्य ग्राहकों को परोसता रहा। पप्पू चाट भंडार अपनी साफ-सफाई और अच्छे स्वाद का दावा करता है, लेकिन इस घटना ने दुकान की स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राहकों ने इस घटना के वीडियो भी बनाए और सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं। वीडियो में छत के पास मकड़ी दिखाई दे रही है। ग्राहकों ने बताया कि चम्मच घुमाते ही मकड़ी चम्मच में आ गई थी। इसी दौरान एक महिला ग्राहक की चाट की प्लेट में मक्खी भी मिली। यह घटना शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सामने आई है। दो दिन पहले नौगांव रोड पर एक होटल में चिकन बिरयानी खाने के बाद एक भाजपा नेता की तबीयत बिगड़ गई थी। इस मामले में ओरछा रोड पुलिस ने संबंधित होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। इस संबंध में फूड विभाग के अधिकारी संतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


