छतरपुर जिले के नौगांव स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार रात एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 57 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गुलाब प्रसाद नापित का शव शुक्रवार सुबह स्कूल परिसर में मिला। यह घटना शुक्रवार सुबह तब सामने आई जब स्कूल में पुताई करने वाले कर्मचारियों ने शव देखा और इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्राचार्य से कहा था, एक दम फ्री हो गया हूं
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगांव के प्राचार्य महेंद्र प्रताप अहिरवार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में गुलाब प्रसाद नापित रस्सी के सहारे पंखे से फांसी लगाते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गुलाब प्रसाद गुरुवार रात ड्यूटी पर मौजूद थे। प्राचार्य अहिरवार के अनुसार, कर्मचारी ने पहले कभी ऐसी कोई बात नहीं बताई थी जिससे आत्महत्या का संकेत मिले। उन्होंने बताया कि गुलाब प्रसाद ने एक बार कहा था कि वह अपनी बेटियों की शादी करके अब ‘बिल्कुल फ्री’ हो गए हैं और उन्हें कोई ‘टेंशन’ नहीं है। नौगांव थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने जानकारी दी कि अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी को फांसी लगाते हुए देखा जा सकता है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


