छतरपुर | छतरपुर मुख्य शहर में वन विभाग कार्यालय के गेट के सामने एक लॉरी ट्रक अनियंत्रित होकर पैदल पथ पर लगी लोहे की पाइप की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गई। इससे वहां खड़े खजूरी निवासी धीरेन्द्र सिंह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लॉरी ट्रक जपला की ओर से आई थी। चालक फोन पर बात कर रहा था। एक हाथ से स्टेयरिंग संभाल रहा था। भारत माता चौक के तीखे मोड़ पर ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक गिर गई। इससे बाइक मालिक और उसका मित्र गुस्से में आकर ट्रक को रोकने दौड़े। दोनों युवक ट्रक के गेट पर चढ़ गए और चालक से हाथापाई कर ट्रक रोकने का प्रयास करने लगे। बताया जाता है कि चालक नशे में था। इसी दौरान वन विभाग कार्यालय के सामने ट्रक अनियंत्रित होकर पैदल पथ पर चढ़ गया। घटना के बाद हंगामा होने पर ट्रक चालक और दोनों युवक भाग निकले। वहीं ट्रक के केबिन में खलासी बैठा रहा। उग्र भीड़ ने ट्रक को घेर लिया था, लेकिन पुलिस ने खलासी को बचाया।


