छतरपुर में गांजा बेचते पति-पत्नी गिरफ्तार:असाटी मोहल्ले से 40 हजार की संपत्ति जब्त, घर के बाहर बनाते थे पैकेट

छतरपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार को असाटी मोहल्ले में गांजा बेच रहे एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40,000 रुपए की संपत्ति जब्त की है, जिसमें अवैध गांजा और नकदी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 1 किलो 215 ग्राम अवैध गांजा और 17,850 रुपए नकद बरामद किए गए। जब्त की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग 40,000 रुपये है। पुलिस को सूचना मिली थी कि असाटी मोहल्ले में गायत्री मंदिर के पास एक दंपती अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ओम प्रकाश उर्फ थुटे श्रीवास और उनकी पत्नी गोमती श्रीवास पॉलिथीन लिए संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ओम प्रकाश उर्फ थुटे पहले भी एनडीपीएस के तीन मामलों में शामिल रहा है, जबकि उनकी पत्नी गोमती पर भी एक मामला दर्ज है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और आगे की जांच जारी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि आरोपी अपने घर के बाहर ही गांजे के पैकेट बनाकर बेच रहे थे। एसपी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के संग्रह, विक्रय और परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले कुछ महीनों में छतरपुर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 86 और आबकारी अधिनियम के तहत 2000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान 52 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे, 1000 किलोग्राम से अधिक गांजा, 500 शीशियां नशीली सिरप, 1100 टैबलेट, 200 से अधिक इंजेक्शन, स्मैक और 17000 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *