छतरपुर जिले के नौगांव रोड स्थित टाइटन आयरन स्क्रैप फर्म पर AEB जीएसटी का छापा डला है। यह कार्रवाई 24 घंटे से अधिक समय से जारी है। फर्म के प्रोपराइटर अफजल खान हैं, लेकिन फर्म के बोर्ड पर ‘जुबेद’ नाम लिखा होने से मामला संदिग्ध हो गया है। यह बड़ी कार्रवाई संयुक्त आयुक्त राकेश शाल्बी, AEB (एंटी इवेजन ब्यूरो) सतना के नियंत्रण और निर्देशन में की जा रही है। राज्य कर अधिकारी शैलेंद्र पांडे के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम पिछले दो दिनों से जांच में जुटी हुई है। जांच टीम में विवेक दुबे (सहायक आयुक्त), नवीन दुबे (सहायक आयुक्त), सोमेश श्रीवास्तव (राज्य कर अधिकारी), शिवकुमार गुप्ता (राज्य कर अधिकारी), अनिल वनाफ़ार (राज्य कर निरीक्षक), असीम मिश्रा (राज्य कर निरीक्षक) और मनीष शर्मा (राज्य कर निरीक्षक) शामिल हैं। छतरपुर वृत्त के सहायक आयुक्त सुरेश साकेत द्वारा भी संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। छापामारी टीम के प्रमुख राज्य कर अधिकारी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि यह कार्रवाई मध्यप्रदेश माल सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 67-2 के तहत की जा रही है। फर्म के खिलाफ बोगस आईटीसी (बिना माल के बिलों के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट) लेने की शिकायतें मिली थीं। पांडे ने आगे बताया कि फिलहाल सर्च जारी है और फर्म को अपने वकील व सीए के माध्यम से दस्तावेज उपलब्ध कराने का समय दिया गया है। दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी और यह तय किया जाएगा कि कितना कर जमा करना बाकी है।


