छतरपुर शहर में एक थोक दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर नकदी और कीमती सामान चुरा लिया। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सरानी दरवाजे के पास स्थित एक थोक दुकान का है। देर रात हुई इस घटना में सीसीटीवी फुटेज में दो चोर कंबल ओढ़कर दुकान के सामने पहुंचते और कुछ ही देर में शटर तोड़कर अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित दुकानदार अनुज गुप्ता ने बताया कि चोर दुकान से 6,000 रुपए नकद और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी सुबह दुकान खोलने पर हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली थाने में शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।


