छतरपुर में पीएम श्री एयर एंबुलेंस से शनिवार को गौरिहार तहसील के चैतहरी गांव निवासी 26 वर्षीय राजाराम विश्वकर्मा को भोपाल रेफर किया गया। उन्हें 4 दिन पहले पेट और आंतों की गंभीर समस्या के कारण जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया को सूचित किया गया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता से चर्चा के बाद मरीज को हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया। खजुराहो एयरपोर्ट से भोपाल के लिए किया रवाना कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर राजाराम को तत्काल 108 एंबुलेंस से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया। वहां से उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से भोपाल के एक अस्पताल भेजा गया। मरीज के साथ उनकी मां हल्की विश्वकर्मा और सहायक हरि अग्रवाल भी गए। भोपाल एम्स में मरीज का इलाज किया जाएगा। परिजनों ने इस त्वरित सेवा और प्रशासन के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है। जिले में अब तक 10 मरीजों को पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ मिल चुका है, जिससे समय पर इलाज मिलने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकी है।


