भास्कर न्यूज | छतरपुर छतरपुर थाना क्षेत्र नौडीहा गांव में प्रेमी के प्रेमिका से शादी करने से इनकार पर प्रेमिका ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इस संदर्भ में मृतका की मां ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बड़ी बेटी 5 फरवरी को बिना बताए कहीं चली गई, 6 फरवरी की सुबह पांच बजे घर लौटी तो उससे पूछा कि रात भर कहां थी, जिसपर उसने बताया कि गांव के ही सुनील कुमार, जो उसका प्रेमी है उसके घर थी। इससे क्रोधित होकर उसने सुनील को फोन किया और कहा कि उनके द्वारा बेटी की शादी दूसरे जगह कर दी गई है और रात भर उसे तुम साथ रखा अब उसकी शादी कैसे होगी, इसलिए तुम मेरी बेटी को हमेशा के लिए अपने घर ले जाओ, तो सुनील ने कहा कि वह अब उसे नहीं रखेगा क्योंकि जो लड़की उसके साथ शादी से पहले उसके साथ रही, उससे वह शादी नहीं करेगा। इसके बाद बेटी ने घर में जाकर दुपट्टा के सहारे फांसी लगा ली। जबतक घर के लोग देख पाते तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि दुपट्टा में बंधा एक चिट्ठी मिली जिसमें उसने आत्महत्या का कारण सुनील को ठहराते हुए लिखा है जब उसे उसका प्रेमी नहीं रखेगा तो उसे अब कौन रखेगा। दोनों के पिछले एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वहीं पुलिस ने शुक्रवार को रात्रि प्रियांशु के शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई और शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए शव को मेदिनीनगर भेज दिया। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है,परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कर िदया है। अगले माह शादी होनेवाली थी इधर प्रियांशु की मां कमला देवी ने बताया कि उसकी शादी ठीक कर दी गई थी और अगले माह होने वाली थी, लड़कों वालों को 80 हजार रुपया दे भी दिया गया था और तिलक में देने के लिए बाइक बाइक खरीद ली गई थी।


