छतरपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा:9 दिसंबर को कैबिनेट बैठक, लाड़ली बहना सम्मेलन भी

छतरपुर में 8 और 9 दिसंबर 2025 को महत्वपूर्ण सरकारी गतिविधियों का केंद्र बनेगा। खजुराहो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में यहां विभागीय समीक्षा बैठकें, मंत्रिपरिषद की कैबिनेट बैठक और लाड़ली बहना सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी, सागर रेंज की आईजी हिमानी खन्ना, कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन ने शुक्रवार को महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर बैठक स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा, यातायात, अतिथि प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। 9 दिसंबर को राजनगर तहसील के समीप सत्ती की मड़िया परिसर में लाड़ली बहना सम्मेलन आयोजित होगा। इस दौरान हितलाभ वितरण, भूमिपूजन, लोकार्पण सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी। मुख्यमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल और महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। 8 दिसंबर को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, वाणिज्यिक कर, पशुपालन एवं डेयरी, नगरीय प्रशासन, आवास, जनजातीय कार्य, अनुसूचित जाति विकास और MSME विभागों की समीक्षा बैठकें होंगी। 9 दिसंबर को लोक निर्माण विभाग (PWD) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHED) की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद राज्य मंत्रिपरिषद की कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कन्वेंशन सेंटर में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की। उन्होंने विभागीय प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। इसमें सांदीपनि विद्यालय, एनएचएआई, मेडिकल कॉलेज, केन-बेतवा लिंक परियोजना, पर्यटन विभाग, जल निगम, एनआरएलएम और यूडीसी सहित कई विभाग अपनी प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। आदिवर्त संग्रहालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर पन्ना टाइगर रिजर्व, रनेह फॉल, खजुराहो मंदिर, आदिवर्त संग्रहालय और आसपास के सभी पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद को स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *