छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग सोमवार 17 फरवरी को होगी। गौरेला जनपद के 174 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। जनपद में कुल 75,453 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 37,203 पुरुष और 38,250 महिला मतदाता शामिल हैं। सभी मतदान दलों को आईटीआई परिसर गौरेला स्थित लाइवलीहुड कॉलेज के स्ट्रांग रूम से मतदान सामग्री वितरित की गई है। कलेक्टर ने मतदान दलों को किया रवाना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मंडावी ने मतदान दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिले में तीन चरणों में होंगे चुनाव जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। दूसरे चरण में 20 फरवरी को पेंड्रा जनपद के 120 केंद्रों में और तीसरे चरण में 23 फरवरी को मरवाही जनपद के 163 केंद्रों में मतदान होगा। इन चुनावों में कुल 10 जिला पंचायत सदस्य, 48 जनपद पंचायत सदस्य, 163 सरपंच और 2,410 पंच पदों के लिए मतदान होगा।


