बहतराई स्टेडियम में आयोजित 20वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौरेला पेंड्रा-मरवाही जिले ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राज्य के 13 जिलों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिले के 12 प्रतिभागियों में से 10 खिलाड़ियों ने पदक जीते। जूनियर वर्ग में प्रियांजल धुर्व और एम लोकेश ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अनुनीत सिंह तोमर और कुलदीप कुमार ने रजत पदक जीता। सब जूनियर वर्ग में आकांक्षा ध्रुव और अजय कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यशवींन ध्रुव और अवनी राय ने रजत पदक जीता। यस्लिन टोप्पो ने कांस्य पदक हासिल किया। ताइक्वांडो संघ गौरेला पेंड्रा-मरवाही के सचिव बसंत गौटिया भी प्रतियोगिता में मौजूद रहे। शशि टांडिल और अविनाश पोर्ते ने निर्णायक की भूमिका निभाई। राज्य संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी 21 से 23 जून तक उत्तराखंड में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।


