छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- पहलगाम आतंकी हमले की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। आतंकियों ने निर्दोष और निहत्थे लोगों पर हमला किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के भी एक बेटे की जान गई है। यह बेहद कायराना घटना थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर एक्शन ले रहे हैं, दोषी लोग बचेंगे नहीं। सीएम ने यह बात मंगलवार शाम को मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से कही। आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस की बयानबाजी पर सीएम साय ने कहा कि ऐसे समय में राजनीति करना ठीक बात नहीं है। यह सिर्फ 26 लोगों के ऊपर नहीं, देश पर हमला है। प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा है कि यह देश की आत्मा पर हमला है, निश्चित रूप से इसका खामियाजा पाकिस्तान को भुगतान पड़ेगा। सीएम ने कहा कि करीब 9-10 साल पहले बालाजी के दर्शन करने आया था, लेकिन पर्दा लगने के कारण दर्शन नहीं हो पाए थे। आज भगवान के अच्छे दर्शन हुए हैं, छत्तीसगढ़ और देश की खुशहाली की कामना की है। वे शाम सवा 4 बजे मेहंदीपुर बालाजी पहुंचे थे। उनका हेलिकॉप्टर मीन भगवान मंदिर के पीछे स्थित हेलिपेड पर उतरा, जहां से वे कड़ी सुरक्षा के बीच बालाजी मंदिर पहुंचे। ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी दी सीएम की ट्रस्ट पदाधिकारियों ने अगवानी की, जिसके बाद गर्भगृह के सामने पहुंचकर परिवार के साथ स्वयंभू बालाजी महाराज, भैरवबाबा व प्रेतराज सरकार के दर्शन किए। ट्रस्ट के ऑफिस में सीएम को धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देकर प्रसादी भेंट की। इस दौरान सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल शर्मा, करौली जिलाध्यक्ष गोरधन सिंह जादौन, पूर्व विधायक रमेशचंद मीणा, एसपी सागर राणा, एएसपी गुरू शरण राव, दिनेश अग्रवाल, डिप्टी एसपी दीपक मीणा, थाना इंचार्ज गौरव प्रधान समेत बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात रहा।


