छत पर बांस रखकर एक से दूसरे शोरूम में चोरी-VIDEO:श्रीगंगानगर के तीन शोरूम से लाखों के कपड़े, चांदी के सिक्के व कैश चुराया, कुछ ही दूरी पर थाना व पुलिस कंट्रोल रूम

श्रीगंगानगर के गोल बाजार में चोरों ने तीन शोरूमों में धावा बोल दिया और लाखों की चोरी कर भाग गए। चोरों ने अप्सरा बुटिक, बीएस टेलर और जगदीश टेलर शोरूम से कैश, कपड़े और चांदी के सिक्के चुराए। चोरों ने जान जोखिम में डालकर एक शोरूम की छत से दूसरे शोरूम तक पहुंचने के लिए गली के ऊपर लकड़ी के बांस रखकर पुल बना लिया। जिसके बाद छत से ही एक शोरूम से दूसरे शोरूम तक पहुंचे। घटना गुरुवार सुबह 1 से 4 बजे के बीच की है। सुबह जब शोरूम मालिक शोरूम पर पहुंचे तो वारदात का पता चला। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। 3 शोरूमों को बनाया निशाना अप्सरा बुटिक के संचालक अरुण कुटवानी ने बताया- बुधवार रात साढ़े 9 बजे शोरूम बंद कर वे अपने घर चले गए थे। सुबह 9 बजे जब शोरूम खोलने पहुंचे तो देखा कि शोरूम के अंदर सामान बिखरा हुआ था। गल्ले से 50 हजार रुपए गायब थे। चोर छत के रास्ते घुसे थे और उसी रास्ते निकले। शोरूम में लगे कैमरे रात में बंद थे। बीएस टेलर के संचालक लखवीर सिंह ने बताया- वे बुधवार शाम को साढ़े 8 बजे शोरूम लॉक करके गए थे। चोरों ने साइड का जंगला तोड़कर शोरूम के अंदर एंट्री की और तीन हजार कैश, 20 ग्राम चांदी के सिक्के व 70-80 हजार के कपड़े चोरी कर ले गए। प्रताप मार्केट के जगदीश टेलर के संचालक जगदीश राय खुराना को अप्सरा बुटिक वाले अरुण की सूचना पर अपने शोरूम में चोरी का पता चला। चोर तीसरी मंजिल से नीचे उतरे थे। जिसके बाद पहले कैमरे तोड़े और करीब एक घंटा शोरूम में रहे। यहां चोरों ने 95 हजार कैश, 20 चांदी के सिक्के चोरी किए। चोरी की घटना शोरूम में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसमें 2:40 बजे तीन युवक शोरूम में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही दूरी पर था कंट्रोल रूम ये तीनों शोरूम कोतवाली थाने और पुलिस कंट्रोल रूम से महज कुछ दूरी पर हैं। शहर की पुलिस लगातार रात में गश्त का दावा तो करती है लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस की नाक के नीचे चोरी की वारदातें हो रही है। इससे पहले मंगलवार-बुधवार की रात इंद्रा कॉलोनी के बाबा रामदेव मंदिर में भी दानपात्र से चोरी हुई थी। चोरी की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *