डूंगरपुर शहर की पत्रकार कॉलोनी में एक मकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में बने एक कमरे को निशाना बनाया और चांदी की तीन अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट तथा तीन हजार रुपए नकद चुरा लिए। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो चोर नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पत्रकार कॉलोनी निवासी भाविक गर्ग ने बताया कि मकान के पिछले हिस्से में एक कमरा बना है। घटना के दिन दोपहर में वह मकान के ऊपरी हिस्से में था। शाम को जब वे नीचे आया, तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर भाविक ने पाया कि कमरे में रखी दराज से चांदी की तीन अंगूठियां और एक चांदी का ब्रेसलेट गायब था। इसके अलावा, उनके पर्स में रखे तीन हजार रुपए नकद भी चोरी हो गए थे। इसके बाद भाविक ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो चोर दिखाई दिए। एक बदमाश मोटरसाइकिल पर बाहर इंतजार कर रहा था, जबकि दूसरा बदमाश घर का गेट खोलकर अंदर घुसा। उसने कमरे का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। कोतवाली थाना पुलिस ने भाविक गर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।


