छर्री लदे ट्रैक्टर ने 4 साल के मासूम को रौंदा:गाड़ी घटनास्थल पर छोड़ भागा ड्राइवर, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया रोड जाम

झारखंड के गोड्डा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मेहरमा थाना क्षेत्र के पिरोजपुर-भगैया मुख्य मार्ग पर कुमरडोय के पास छर्री लदे ट्रैक्टर ने बच्ची को रौंद दिया। इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। मृतक की पहचान कुमरडोय निवासी चंद्रदीप मंडल के पुत्र अर्णव कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय भगैया से पिरोजपुर की ओर जा रहा छर्री लदा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा, बलबड्डा और ठाकुरगंगटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर छर्री लदे ट्रैक्टर रोजाना तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मृतक बच्चे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया है। मामले की जांच जारी है। -सौरव कुमार ठाकुर, मेहरमा थाना प्रभारी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *