भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा शहर के सोनपुरवा स्थित बी. एन. टी. संत मेरी स्कूल में शनिवार की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में सम्मान समारोह का आयोजन कर, विद्यालय के 12वीं विज्ञान संकाय के सत्यम कुमार सिन्हा को अंतरराष्ट्रीय मेक्स्ट छात्रवृति परीक्षा में पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त करने को लेकर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी एवं निदेशक उमाकांत तिवारी के द्वारा संयुक्त रूप से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य संजीव रंजन तिवारी ने सत्यम के विद्यार्थी जीवन पर प्रकाश डालते हुए उसकी शानदार उपलब्धि के बारे में संक्षिप्त विवरण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी प्रतिभा के बल पर एक विद्यार्थी पूरे विश्व में अपनी सफलता का परचम लहरा सकता है। तत्पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने पूरे विद्यालय परिवार की तरफ से सत्यम को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय सदा अपने विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक तथा सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए हर प्रकार की सुविधा प्रदान करने हेतु हमेशा से कार्यरत है। विद्यालय से प्रत्येक वर्ष कई छात्र – छात्राओं का दसवीं तथा 12वीं की परीक्षा के साथ साथ अन्य सर्वोच्च प्रतियोगिता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अभिप्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी स्थान विशेष का मोहताज नहीं होता। जिसे गढ़वा जैसे छोटे से शहर का छात्र सत्यम इस अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा अपने देश में प्रथम स्थान प्राप्त करके साबित कर दिया है। मौके पर विद्यालय के निदेशक उमाकांत तिवारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है कि सत्यम इस अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा के माध्यम से रोबोटिक साइंस के 6 वर्ष की पढ़ाई जापान की प्रख्यात टोक्यो यूनिवर्सिटी में निशुल्क करेंगे। इनके संपूर्ण उच्च शिक्षा का खर्च जपान सरकार वहन करेगी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मेक्स्ट क्या है : विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार तिवारी ने कहा कि मेक्स्ट जापान का शिक्षा, संस्कृति, खेल, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय छात्रवृति परीक्षा है। जिसमें विभिन्न देश के विद्यार्थी भाग लेते है। विभिन्न देश के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जापान के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होता है। इस वर्ष भारत देश से कुल 12 विद्यार्थियों का चयन इस परीक्षा में हुआ है, जिसमें सत्यम कुमार ने प्रथम स्थान अर्जित किया है।


