भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर खेती-किसानी की बारीकियों को समझने के लिए शासकीय गर्ल्स कॉलेज, तलवापारा की 25 छात्राओं ने उप संचालक कृषि विभाग का दौरा किया। ये छात्राएं एमए अर्थशास्त्र के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की थीं। इस एजुकेशन टूर का उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जानकारी लेना और उनका किसानों पर असर समझना था। छात्राओं को पाठ्यक्रम के तहत सोशल आउटरीच, कौशल विकास और लघु शोध पूरा करने के लिए कृषि विभाग का सर्वे कर आंकड़े जुटाने थे। सर्वे के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि कोरिया जिले में प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना का लाभ करीब 35 हजार किसानों को मिल रहा है। किसानों को चार-चार महीने की तीन किस्तों में दो-दो हजार रुपए दिए जा रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश पटेल ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए केवाईसी कराना जरूरी है। किसान का बैंक खाता मोबाइल से लिंक होना चाहिए। छात्राओं ने अन्य कृषि आंकड़े भी जुटाए। यह एजुकेशन टूर कॉलेज की प्राचार्य के निर्देश पर आयोजित किया गया था। शासकीय गर्ल्स कॉलेज में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं पढ़ती हैं। इस दौरे में उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति और शासकीय लाभ की जानकारी जुटाई। छात्राओं ने बताया कि इस टूर से पता चला कि सरकार किसानों के आर्थिक सुधार के लिए क्या योजनाएं चला रही है। अब गांव जाकर यह समझेंगे कि किसान इन योजनाओं का कितना लाभ उठा पा रहे हैं और उनके जीवन स्तर में क्या बदलाव आया है। इस टूर में खुशी कोरी, द्रोपती, कविता, रीतू, पुष्पा, रामबाई, अंजू, सुशीला, देवंती राजवाड़े, शालू, सोनल, पूजा, प्रियंका, चंदा, ज्योति, ललिता, नाजरीन, प्रिया, पूजा यादव, संध्या, शशिकला, प्रियंका और लीलावती शामिल रहीं। कृषि विभाग में एजुकेशन टूर पर पहुंची छात्राएं।


