छात्राओं को गिनाए योग के फायदे:परीक्षा में सफलता के मंत्र भी दिए, जनजातीय विद्यालय शिवगंज में हुआ कार्यक्रम

सिरोही जिले के शिवगंज कस्बे में स्थित राजकीय जनजातीय आवासीय विद्यालय आश्रम में छात्राओं के लिए योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आयुष नर्सेज महासंघ और योग प्रशिक्षक संघ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसका संचालन विद्यालय की अध्यापिका जमुना कुमारी के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुष नर्सेज महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष और योग शिक्षक ललित मेघवाल ने छात्राओं को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनावमुक्त रहकर परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। मेघवाल ने ऋतुचर्या के अनुसार आहार-विहार अपनाने और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर भी जोर दिया। महासंघ ने अपने उद्देश्य ‘हर घर योग, घर-घर योग, आयुर्वेद अपनाओ, शरीर को स्वस्थ बनाओ’ से छात्राओं को परिचित कराया। इस दौरान उन्हें योग और आयुर्वेद को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय कोलीवाड़ा की महिला योग प्रशिक्षक संगीता कुमारी और राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय शिवगंज के योग प्रशिक्षक कल्पेश आर्य ने छात्राओं को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इनमें ग्रीवाचालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, शशकासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान शामिल थे।
इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर योग’ संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सार्थक पहल माना गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ और हर्षवर्धन सिंह राठौड़ का विशेष सहयोग रहा। योग शिक्षक ललित मेघवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। योग को जीवन में अपनाने के संकल्प और प्रार्थना के साथ यह योग कार्यशाला संपन्न हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *