प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मौताणे की मांग, आगजनी, पत्थरबाजी और पुलिस जाप्ते पर हमला करने के मामले में की गई है। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में कोटड़ी थानाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में हुई। घटना 21 अगस्त 2025 को सामने आई थी। कोटड़ी थानाधिकारी को सूचना मिली थी कि दिवाला गांव में 11 अगस्त 2025 को गौतम पिता जीवा मीणा की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने मौताणे की मांग, लूटपाट और आगजनी के उद्देश्य से मांगीलाल पिता जीवा मीणा और राहुल पिता पूरण मीणा के मकानों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। उन्होंने इन मकानों को घेर रखा था। सूचना मिलने पर थाने से पुलिस जाब्ता दिवाला गांव में मांगीलाल और राहुल के मकान पर पहुंचा। वहां मौजूद महिलाओं और पुरुषों के हाथों में लाठी-पत्थर और कुल्हाडिय़ां थीं। पुलिस जाब्ते और जीप को देखते ही सभी लोगों ने एकजुट होकर पुलिस को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं और सरकारी जीप को भी नुकसान पहुंचाया गया। यह हमला राजकार्य में बाधा डालने और जान से मारने के उद्देश्य से किया गया था। इस मामले में इससे पहले भी 6 महिलाओं और 10 पुरुष अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।


