भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कुनकुरी के हॉलीक्रॉस नर्सिंग कॉलेज की एक छात्रा ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाया हैं। छात्रा का कहना है कि कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर विंसी जोसेफ द्वारा उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और मना करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित िकया जा रहा है। छात्रा ने इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। उसमें बताया िक वह कॉलेज में नर्सिंग कोर्स के अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। उसे पहले साल में दाखिले के लगभग 3 महीने बाद से ही सिस्टर विंसी जोसेफ द्वारा धर्म परिवर्तन कर नन बनने के लिए बार-बार दबाव डाला गया। जब उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो प्रबंधन ने उसके साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि 1 अप्रैल 2024 को उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया और कॉलेज परिसर में प्रवेश से भी रोका गया। इसके बाद उसे पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा से वंचित करने की कोशिश की गई। जब उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तब जाकर उसे परीक्षा में बैठने दिया गया, लेकिन प्रबंधन ने उसे प्रैक्टिकल परीक्षा से बाहर रखने की कोशिश की गई। छात्रा ने इस उत्पीड़न के खिलाफ जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने एएसपी शशिमोहन सिंह को भी शिकायत की एक कॉपी सौंपी है। हिन्दू संगठन विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख करनैल सिंह ने कहा कि छात्रा को धर्म परिवर्तन करने के लिए प्रताड़ित करने से सर्व हिन्दू समाज आहत है। यदि कलेक्टर, एसपी इस विषय पर तत्काल कार्रवाई कर दोषी संस्था को बंद करते हुए कठोर कानूनी करनी चाहिए।


