भास्कर न्यूज| गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसिया स्थित बीएन साहा डीएवी पब्लिक स्कूल गेट पर सोमवार करीब 11.30 बजे जमकर हंगामा हुआ। 12वीं कक्षा की एक छात्रा को स्कूल के ही छात्र द्वारा परेशान किए जाने के आरोप को लेकर छात्रा के परिजन दो वाहन लगाकर स्कूल गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। अचानक हुए इस बवाल से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हंगामे की सूचना पाकर जब स्कूल के शिक्षक गेट पर पहुंचे तो छात्रा के पिता और भाई उनसे उलझ पड़े। आरोप है कि उन्होंने शिक्षकों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस दौरान करीब 11.50 बजे स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं गेट के अंदर और बाहर मौजूद थे। अभिभावक भी अपने बच्चों को लेने पहुंचे थे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। अभिभावक पर शिक्षकों को धमकी देने का आरोप स्थिति बिगड़ते देख स्कूल प्राचार्य ने मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और जाम कर खड़े वाहनों को हटवाते हुए हंगामा कर रहे िपता- पुत्र को हिरासत में ले लिया। इसके बाद गेट खोला गया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्कूल प्राचार्य देशमुख ने बताया कि हंगामा कर रहे व्यक्ति ने खुद को एक पार्टी का नेता बताया और शिक्षकों को धमकी दी कि वे उन्हें नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर स्कूल समिति की बैठक होगी और निर्णय अनुसार लिखित शिकायत दी जाएगी। पुलिस ने आरोप को बताया गलत मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने मारपीट के आरोप को खारिज कर दिया।कहा कि आरोपी अभिभावक गेट पर दो वाहन लगाकर जाम कर रहे थे । शिक्षकों से धक्का-मुक्की कर रहे थे। हिरासत में लेने पर वे खुद नाक दबाकर बेहोश होने का नाटक करने लगे। पुलिस ने उन्हें छुआ तक नहीं।


