छात्रा को बस स्कूल नहीं ले गई, तीन घंटे धरना:बैतूल में RTE के तहत पढ़ती है; प्रबंधन बोला- परिजनों ने ड्राइवर से अभद्रता की

बैतूल के चिचोली स्थित गुरु साहिब पब्लिक स्कूल, चिचोली में पढ़ने वाली कक्षा पांचवी की छात्रा सुरभि यादव पिता दुर्गेश यादव ने शनिवार को स्कूल बस से न ले जाने के विरोध में स्कूल बस के सामने तीन घंटे तक धरना दिया। सुरभि RTE योजना के तहत स्कूल में अध्ययनरत है। उसका गांव चिचोली से 18 किमी दूर चूना हजूरी गांव में है। आज जैसे ही स्कूल बस बाकी बच्चों को लेकर गांव से रवाना हुई वह सड़क पर स्कूल बैग लेकर धरने पर बैठ गई। आरोप- पूरे सत्र में बस से नहीं ले जाया गया
परिजनों का कहना है कि सुरभि को पूरे सत्र में बस से नहीं ले जाया गया। नवंबर में मात्र 28 दिन स्कूल बस से ले जाया गया, उसके बाद से बस ने आना बंद कर दिया। इसी से नाराज होकर बच्ची ने सुबह स्कूल बस के सामने बैठकर विरोध शुरू कर दिया और कलेक्टर को बुलाने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्ची को समझाइश दी कि वे स्कूल प्रबंधन से बात कर रहे हैं। इसके बाद तीन घंटे चले धरने को खत्म कराया गया। छात्रा के पिता दुर्गेश यादव ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने कभी भी कोई सूचना नहीं दी और न ही कोई शुल्क संबंधी नोटिस भेजा। उन्होंने कहा, “अगर हमारे बच्चों को स्कूल भेजने पर अपराध बनाया गया तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे।” मां आशा यादव ने बताया कि बच्ची तनाव में थी क्योंकि पूरे सत्र में उसे बस सुविधा नहीं मिली। प्रबंधन बोला- परिजन खुद बस से नहीं भेज रहे
वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि सुरभि के पालक पिछले दो-तीन वर्षों से वाहन शुल्क जमा नहीं कर रहे, जिसके लिए बार-बार सूचना दी गई थी। प्रबंधन के अनुसार, “पालक स्वयं बच्ची को स्कूल नहीं भेज रहे थे और आज ड्राइवर के साथ अभद्रता की गई।” स्कूल ने यह भी कहा कि सुरभि को पढ़ाई या परीक्षा से वंचित नहीं किया गया है। करीब तीन घंटे बाद पुलिस और अधिकारियों की समझाइश के बाद छात्रा ने धरना समाप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *