छात्रा से सफाई पर संभागीय आयुक्त ने जताई नाराजगी:फिर सफाई कराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, PHC बरूंधन का किया निरीक्षण

संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को बूंदी जिले के बरूंधन स्थित पीएमश्री स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। स्कूल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक छात्रा को कक्षा में सफाई करते देखा, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और स्कूल प्रशासन को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। संभागीय आयुक्त शुक्रवार को राजकीय पीएमश्री उच्च माध्यमिक स्कूल बरूंधन पहुंचे। यहां बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कक्षा तीन और पांच के विद्यार्थी एक ही कक्ष में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कक्षा तीन की एक छात्रा पर पड़ी जो कक्षा कक्ष में सफाई कर रही थी। इस दृश्य पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संस्था प्रधान को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी छात्र-छात्रा से सफाई का कार्य नहीं करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई की व्यवस्था एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) या एसएमडीसी (स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति) के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा बच्चों से काम करवाते पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संभागीय आयुक्त ने स्कूल प्रशासन को पीएमश्री स्कूलों के निर्धारित मापदंडों का पूर्ण पालन करने और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से नामांकन बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इस पर प्रधानाचार्य ने स्कूल में संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए बताया कि छात्रों की संख्या के अनुपात में कक्षा कक्ष कम हैं। स्कूल को सुचारू रूप से चलाने के लिए कम से कम 6 अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता है। स्कूल के बाद संभागीय आयुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरूंधन का निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाएं निशुल्क दवा वितरण और जांच योजना का रिकॉर्ड रजिस्टर में सही ढंग से संधारित नहीं था। पिछले कई दिनों से ऑनलाइन डेटा का इंद्राज नहीं किया जा रहा था। आयुर्वेदिक चिकित्सा के तहत भी ओपीडी रजिस्टर में मरीजों की एंट्री नियमित नहीं मिली। अस्पताल के बाहर लगा डॉक्टर ड्यूटी चार्ट काफी पुराना था, जिसे तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए। उन्‍होंने निर्देश दिए कि मुख्‍यमंत्री नि:शुल्‍क जांच योजना का पूरा लाभ रोगियों मिले। आंगनबाड़ी के बच्चों को बाल वाटिका में प्रवेश के निर्देश
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि राजकीय महात्मा गांधी स्कूल व पीएमश्री स्कूल परिसर में बाल वाटिका और आंगनबाड़ी केंद्र दोनों संचालित हैं, जहां 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे आते हैं। इस पर संभागीय आयुक्त ने शाला प्रधान और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि चूंकि दोनों केंद्र एक ही परिसर में हैं, इसलिए आंगनबाड़ी में आने वाले इन बच्चों को बाल वाटिका में ही प्रवेश दिलाया जाए, ताकि उनकी प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर ढंग से हो सके। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार बूंदी अर्जुन लाल मीणा और संभागीय आयुक्‍त कार्यालय कोटा के संयुक्‍त निदेशक देवेंद्र कुमार देवतवाल मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *