इजराइल में नौकरी का झांसा देकर बनाया शिकार:युवक से ठगे 5.50 लाख, पत्नी ने किया केस

डूंगरपुर शहर के भोईवाड़ा निवासी एक महिला ने अपने पति को इजराइल में नौकरी दिलाने के नाम पर 5.50 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार रेखा देवी भोई पत्नी सुरेश कुमार भोई ने आरोप लगाया है कि न्यायालय परिसर के सामने उदयपुर रोड स्थित डीआरजी एसोसिएट कार्यालय के संचालक हिरालाल पटेल ने उनके पति को विदेश इजराइल भेजने का झांसा दिया। रेखा देवी ने बताया कि उनके पति सुरेश कुमार भोई बेरोजगार हैं। मार्च 2025 में सुरेश कुमार एक परिचित के माध्यम से हिरालाल पटेल के संपर्क में आए। आरोपी ने इजराइल का वीजा और एक प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी दिलाने का दावा करते हुए 7 लाख रुपए का खर्च बताया। बाद में यह सौदा 5.50 लाख रुपए में तय हुआ। दंपती ने शुरुआत में 50 हजार रुपए एडवांस दिए। इसके बाद अगस्त-सितंबर 2025 में, आरोपी सुरेश को दिल्ली ले गया। वहां कथित कंपनी एग्रीमेंट के नाम पर 61 हजार रुपए नकद लिए गए। आरोप है कि 12 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने व्हाट्सएप पर काम पूरा होने का मैसेज भेजकर शेष राशि जमा कराने को कहा।
23 और 24 अक्टूबर को, अलग-अलग बैंक खातों में कुल 4 लाख 39 हजार रुपए जमा करवाए गए। इस प्रकार, आरोपी को कुल 5.50 लाख रुपए दिए गए। लंबे समय तक वीजा नहीं मिलने पर जब राशि वापस मांगी गई, तो आरोपी ने एचडीएफसी बैंक का 5 लाख रुपये का चेक दिया। यह चेक अपर्याप्त राशि के कारण अनादरित हो गया। बाद में स्टाम्प पर समझौता कर फिर से चेक दिया गया, लेकिन वह भी बाउंस हो गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने फर्जी वीजा दस्तावेज देकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *