धौलपुर के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के भखतू पुरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भखतू पुरा निवासी अशोक पुत्र दुर्गा सिंह (32) शुक्रवार दोपहर अपने खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में बिजली का एक तार टूटकर उस पर गिर गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों द्वारा बाड़ी सदर थाने में मामला दर्ज कराने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


