अवैध रेहड़ियों पर सख्ती के संकेत, नगर परिषद की तैयारी:टाउन वेंडिंग कमेटी ने नए जोन, सुविधाएं बढ़ाने पर की चर्चा

हनुमानगढ़ शहर के बाजारों में शाम के समय बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। नगर परिषद कार्यालय में आयुक्त सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता में टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक हुई, जिसमें बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यातायात शाखा प्रभारी अनिल जिंदा, जिला परियोजना अधिकारी आंचल फुटेला, टाउन प्लानर निखिल मेहरा, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता पुरी और जिला परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र सिंह तंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीवीसी के निर्वाचित सदस्यों हेमलता, सरवन कुमार और कालूराम ने भी बाजार क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने बताया कि बिना लाइसेंस रेहड़ी लगाने वाले विक्रेताओं के कारण शाम को ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाती है और अराजक स्थिति पैदा होती है। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि वैध लाइसेंस नहीं रखने वाले पथ विक्रेताओं के चालान काटे जाएं। साथ ही, अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए एक व्यक्ति को एक से अधिक रेहड़ी लगाने की अनुमति न देने की बात भी रखी गई। बैठक में नए वेंडिंग जोन चिन्हित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। इन जोनों में महिलाओं के लिए शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन और नियमित सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने सफाई और यातायात शाखा को निर्देश दिए कि शाम के समय विशेष निगरानी रखी जाए। प्रत्येक क्षेत्र में कर्मचारी तैनात कर ट्रैफिक को सुचारु बनाया जाए और विक्रेताओं को निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अतिरिक्त, यह भी निर्णय लिया गया कि बिना लाइसेंस वाले पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कर उनकी प्रोफाइल तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य भविष्य में बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित और संतुलित ढंग से संचालित करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *