बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, नैतिक मूल्यों का विकास करने और समाज में सेवा भावना को जागृत करने के उद्देश्य से रामराज फाउंडेशन द्वारा ‘विद्यादान महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को शिक्षा और संस्कार से जोड़ने अनुकरणीय पहल की जा रही है। इसके लिए महोत्सव के अंतर्गत फाउंडेशन ने 11 स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक कॉपी-पेन, 1 हजार स्कूल बैग, 11 स्पोर्ट्स किट, 1 हजार सेनेटरी पैड वितरण का संकल्प लिया है। फाउंडेशन के सदस्य लक्ष्य ने बताया कि इसमें से अाधे से अधिक का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। फाउंडेशन की टीम नियमित रूप से विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को स्टेशनरी सामग्री, स्कूल बैग व खेलकूद की सामग्री वितरित कर रही है। साथ ही बच्चों को श्रीमद्भगवद गीता की प्रतियां भी दी जा रही हैं ताकि वे न केवल शैक्षणिक रूप से मजबूत बनें, बल्कि आध्यात्मिक और नैतिक दृष्टि से भी सशक्त बनें। फाउंडेशन की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग मिल रहा है। इसमें इस्कॉन सहित स्वयंसेवी संस्थाएं शामिल हैं। गीता से बच्चों में आएंगे अच्छे संस्कार रामराज फाउंडेशन की अध्यक्ष शोभा बावनकर ने बताया कि विद्यादान महोत्सव केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि एक संस्कार अभियान है। इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ना, नैतिक मूल्यों का बोध कराना और समाज में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उनका कहना है कि गीता जैसे ग्रंथों का वितरण बच्चों में अच्छे संस्कारों को जन्म देगा और उन्हें एक बेहतर नागरिक बनाएगा। इसके साथ ही बच्चों को दी जाने वाली पाठ्य सामग्री से वे अपना बेहतर भविष्य चुनेंगे। स्वास्थ्य से सेवा तक फैला है अभियान रामराज फाउंडेशन केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। महोत्सव के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंदों की स्वास्थ्य जांच और उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा गरीब और जरूरतमंदों को भोजन पैकेट वितरण, अस्पतालों में नवजात व माताओं को पोषण सामग्री, गायों की सेवा और गोशालाओं में सहयोग, ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सेनेटरी पैड का वितरण कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। छात्राओं को बैग वितरण ‘विद्यादान महोत्सव’ के तहत हाल ही में संत कंवरराम कन्या विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रामराज फाउंडेशन द्वारा 5 सौ छात्राओं को बैग, कॉपी, पेन, स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया। इसमें अतिथि के तौर पर महापौर मीनल चौबे, पार्षद अमर गिदवानी, इस्कॉन रायपुर के तमाल कृष्णदास प्रभु मौजूद रहे। इस दौरान महापौर ने बेटियों को शिक्षा और खेल दोनों में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि फोन से दूरी और पढ़ाई व खेल में गहरी भागीदारी ही बच्चों का सच्चा भविष्य गढ़ेगी। बता दें कि फाउंडेशन ने अब तक 65 हजार से अधिक भोजन वितरण, 5 सौ से अधिक स्कूल बैग, 5 हजार से अधिक कॉपियों का वितरण किया हैै।


