सिवनी जिले के शासकीय आईटीआई कॉलेज के अध्ययनरत ऑटोमोबाइल सेक्टर के विद्यार्थियों को बुधवार को ऑथराइज्ड ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर का भ्रमण कराया गया। जहां उन्होंने नई तकनीक के बारे में जानकारी हासिल की। प्राचार्य नलिन तिवारी ने बताया कि औद्योगिकीकरण विकास का आधार है। उद्योगों के लिए कुशल जनशक्ति तैयार करने का दायित्व तकनीकी शिक्षा और कौशल विभाग के अंतर्गत संचालित आईटीआई कॉलेज का है। उद्योगों से अनुकूलता के उद्देश्य से ही कॉलेज अपने विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण करवाता है, जिससे वे कार्यप्रणाली और नवीन तकनीक के बारे में जान और समझ सकें। ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर पर भ्रमण के दौरान सर्विस सेंटर के प्रबंधक ने वर्कशाप के लिए आवश्यक सुरक्षा सावधानियां, बीएस 4 और बीएस 6 वाहनों में अंतर, मिशन प्रबंधन और वर्कशॉप की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। वाहनों में किस तरह नवीन तकनीक से काम हो रहे हैं, वह सभी विद्यार्थियों को समझाया।


