भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला पुलिस ने जहरीली महुआ शराब पीने वालों के संदिग्ध मौत के केस सामने आने पर छापेमारी शुरू की है। नवागढ़ पुलिस ने मंगलवार को कटौद में छापेमारी कर 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है। यहां फैक्ट्री की तरह बड़ी मात्रा में शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने अलग-अलग 8 ड्रम में रखी शराब और मौके से बड़ी मात्रा में जब्त महुआ लहान नष्ट किया है। इसके अलावा शराब बनाने का बर्तन भी जब्त किया गया है। इसी तरह कोटमीसोनार पुलिस ने आरोपी किशन दास के कब्जे से 12 लीटर, बलौदा पुलिस ने मनोबोध धनुवार के कब्जे से 10 लीटर और नवागढ़ पुलिस ने रथराम यादव के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सारागांव पुलिस ने भी 32 पाव अवैध देसी प्लेन शराब के साथ आरोपी राम यादव उर्फ बड़कू को गिरफ्तार किया है।


