छिंदवाड़ा जिले के हर्रई नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में शनिवार सुबह अचानक एक बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया, जिससे वहां से गुजर रहे दो लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जिनमें से एक की हालत गंभीर है। करंट लगने से युवक की हालत गंभीर इस हादसे में राजढाना निवासी 18 वर्षीय संजू धुर्वे और 56 वर्षीय किशोरी तेकाम घायल हुए हैं। संजू को अधिक करंट लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे नरसिंहपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, किशोरी तेकाम का इलाज हर्रई अस्पताल में जारी है। घटना के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन जैसे ही हादसे की सूचना मिली, नायब तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार जर्जर तारों को बदलने की मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों में गुस्सा, बिजली विभाग पर उठे सवाल हादसे के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली के तारों की मरम्मत कर दी जाती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक आमजन को इस तरह की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।


