छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कंट्रोल रूम में अलग-अलग थाना क्षेत्र में गुम हुए लोगों के मोबाइल फोन को सुपुर्द कर नए साल का तोहफा दिया है। दरअसल, साइबर की मदद से पुलिस ने 46 लाख 81 हजार कीमत के कुल 251 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जो संबंधित लोगों को लौटा दिए। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि बीते कुछ महीनों में पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल फोन गुम जाने संबंधी अनेक शिकायतें प्राप्त हुई थी। ऐसी सभी शिकायतों में त्वरित कार्रवाई करने के लिए साइबर सेल की टीम द्वारा गुम मोबाइल को तकनीकी सहायता से ट्रेस किया गया, जिसमें विभिन्न कंपनियों के मोबाइल बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाइलों को छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व सायबर सेल की टीम द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोबाइल मालिकों को सुपुर्द किया गया। एसपी अजय पांडेय ने बताया कि सन् 2024 में 1404 मोबाइल फोन जिनकी कीमत करीब 2 करोड़ 36 लाख 81 हजार रुपए थी ये सभी मोबाइल मालिकों को वापस किए गए। वहीं, आज 251 फोन लौटाए गए हैं। छिंदवाड़ा पुलिस टीम साइबर टीम की मदद से लोगों के गुम हुए फोन बरामद कर उनको सौंप रही है। बरामद किए गए मोबाइल शासकीय कर्मचारी, टीचर, प्राइवेट जॉब, व्यापारी, हाट दुकान संचालक, दुकानदार, विद्यार्थी, हलवाई, ऑटो चालक, ट्रेक्टर ड्राइवर, मजदूर, गृहणी, किसान, सीनियर सिटीजन व अन्य व्यक्तियों के थे, जिन्हें पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल फोन सौंपा है।


